माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण ने खेड़ा चौगानपुर गांव में बिना नक्शा पास कराए निर्माण करने वाले पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इनमें तीन बिल्डर भी शामिल हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-3 के सहायक प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि जिस जमीन पर निर्माण हो रहा था, वह ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में हैं। यहां भूखंड और फ्लैट बनाकर आरोपी लोगों को गुमराह कर मुनाफा कमाने की फिराक में थे। कई बार प्राधिकरण ने मौके पर जाकर निर्माण रुकवाया, मगर निर्माण फिर भी जारी रहा। प्राधिकरण की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने गाजियाबाद के लोहिया नगर निवासी गौरा बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड, सिडिंकेट एवं श्री कार्तिकेय डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के महेशचंद गर्ग, गाजियाबाद के वंसुधरा निवासी वीरेंद्र नागर और पंचवटी निवासी कन्छिद प्रसाद शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।