ग्रेटर नोएडा। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने रविवार को बिसरख स्थित कार्यालय पर बैठक की। बैठक में जेवर में 7 अक्तूबर को होने वाली किसान पदयात्रा और वोट बचाओ- देश बचाओ मार्च की तैयारियों पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने पदाधिकारियों के साथ दोनों कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार किया। कार्यक्रमों के लिए जिम्मेदारियां तय की गईं और जन भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च के माध्यम से कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और मताधिकार के विषयों को जनता तक पहुंचाएगी। किसान पदयात्रा में किसानों के स्थानीय मुद्दों, समस्याओं और अधिकारों की आवाज उठाने पर चर्चा हुई। दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि किसानों के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े सवाल कांग्रेस के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। सात अक्तूबर की किसान पदयात्रा से किसानों की समस्याओं को उठाएंगे, वहीं 'वोट बचाओ–देश बचाओ' मार्च से लोकतंत्र का महत्व जन-जन तक पहुंचाएंगे। बैठक में महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव, मुकेश शर्मा, सुरेन्द्र प्रताप सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहें। ब्यूरो