बिलासपुर (संवाद)। श्री बालाजी हनुमान मंदिर में चित्रकूट सेवा समिति की ओर से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का रविवार को हवन-पूजन और भंडारे के साथ समापन हो गया। कथा के अंतिम दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए और विधि-विधान से आयोजित हवन में आहुतियां देकर परिवार व क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर सीताराम तायल, सोनपाल शर्मा, अनुपम तायल, राहुल प्रजापति, वीरेंद्र कुमार शुक्ला, कुलदीप, रमेश सोलंकी, हरि प्रकाश, नवनीत अग्रवाल और मनोज दुबे समेत कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।