ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रीय खेल दिवस पर जिले में खेल निदेशालय के निर्देश पर जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम व एस्टर पब्लिक स्कूल में होंगी। आयोजन को लेकर दोनों स्थानों पर आयोजकों की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। 29 से 31 अगस्त तक राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर जिले की प्रतिभाओं को निखारने के लिए स्टेडियम में बालिका व बालक वर्ग में जिलास्तर की बॉक्सिंग, जूडो व नेटबॉल और सेक्टर डेल्टा दो स्थित एस्टर पब्लिक स्कूल के हॉकी मैदान पर बालक वर्ग में जिलास्तरीय हॉकी प्रतियोगिता होगी। उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी व स्थानीय जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। मलकपुर स्टेडियम के वरिष्ठ प्रशिक्षक डॉ. परवेज अली ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं को मंच देना और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।