107 किसानों के खातों में भेजी मुआवजा राशि
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
संवाद न्यूज एजेंसी
जेवर। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के प्रभावित 107 किसानों के बैंक खाते में प्रशासन ने लगभग 40 करोड़ रुपया भेज दिया है। प्रशासन की मंशा इंटरचेंज का काम शुरू करने की है। इसके चलते मुआवजे के लिए लगी फाइलों की जांच कर प्रशासन सीधे खाते में मुआवजे भेजना शुरू कर दिया है। फिलहाल 15 हेक्टेयर जमीन की फाइल मुआवजे के लिए लगाई गई है, जिसमें से ज्यादातर किसानों को पैसा भेज दिया गया है।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए जेवर के चार गांव के लगभग 400 से अधिक किसानों की 65 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया गया है। इस जमीन पर हरियाणा बॉर्डर से लेकर एयरपोर्ट तक चार लाइन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे सर्विस रोड व यमुना एक्सप्रेसवे, दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे व एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए दयानतपुर पर इंटरचेंज बनाया जाना है।
किसान कुछ मांगों को लेकर मुआवजा लेने के लिए वक्त मांग रहे थे। शुक्रवार को हुई वार्ता के बाद सभी किसान पूरी तरह से आश्वस्त हैं। जल्द ही किसानों से मुआवजे के लिए फाइल लेते हुए उनके खातों में मुआवजे की धनराशि भेजी जाएगी। अभी तक 107 किसानों को 40 करोड़ मुआवजा धनराशि खातों में भेजी गई है। कुछ फाइलें अभी बाकी हैं। -अभय कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी, जेवर