60 मीटर रोड पर क्षतिग्रस्त रोड की रिपेयरिंग का काम करती प्राधिकरण की टीम
बारिश में खराब हुई सड़क का रबूपुरा कट के पास शुरू हुआ मरम्मत कार्य
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। ग्रेटर नोएडा से यमुना सिटी आने वाले लोगों को अब सेक्टर क्षेत्र में आने के बाद परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। बारिश के बाद टूटी सड़क का प्राधिकरण ने रिपेयरिंग काम शुरू करा दिया है। बारिश के दौरान सड़क का बुरा हाल हो गया था, जिसके कारण आमजनों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब प्राधिकरण ने इसकी मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। जीरो प्वाइंट से लेकर यमुना सिटी तक आने वाली 60 मीटर रोड पर रबूपुरा कट से भाईपुर मोड़ तक का रास्ता काफी बदहाल हो गया था। टूटी सड़क के कारण यहां से गुजरने वाले लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन प्राधिकरण ने अब इस सड़क का निर्माण काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर टूटी सड़क की मरम्मत का काम पूरा कर दिया जाएगा, जिससे राहगीरों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।