जीबीयू में 11 से 16 जुलाई के बीच होगी राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप
-20 देशों के 250 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, 10 जुलाई तक पहुंच जाएंगे खिलाड़ी
- होटल व जीबीयू में ठहरेंगे खिलाड़ी, सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक होंगे मैच
नवीन कुमार
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। 11 से 16 जुलाई के बीच आयोजित होने वाले चैंपियनशिप में सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, बंग्लादेश, फिजी, साउथ अफ्रीका समेत 20 देशों के 250 खिलाड़ी शामिल होंगे। जबकि तकनीकी स्टाॅफ के 50 सदस्य होंगे। भारतीय भारोत्तोलन महासंघ ने जीबीयू के दो गेस्टहाउस और एक होटल में खिलाड़ियों और तकनीकी स्टाॅफ के ठहरने की व्यवस्था की है।
10 जुलाई से खिलाड़ी आना शुरू हो जाएंगे। 11 जुलाई की शाम चैंपियनशिप का उदघाटन समारोह होगा, 12 जुलाई से मैच शुरू होंगे। 16 जुलाई को सेमीफाइनल और फाइनल खेले जाएंगे। मैच सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खेले जाएंगे। चैंपियनशिप में बालक व बालिका वर्ग की तीन श्रेणी सीनियर, जूनियर और यूथ होंगी।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स से मिली मेजबानी
जीबीयू को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की छह प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली थी। जीबीयू में भारोत्तोलन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था। जो काफी सफल रहा था। उसकी सफलता को देखकर भारतीय भारोत्तोलन महासंघ ने राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप कराने का फैसला लिया।
25 जुलाई से होगी एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप
जीबीयू में एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप का भी आयोजन होगा। भारतीय भारोत्तोलन महासंघ ने आयोजन की तिथि जारी कर दी है। चैंपियनशिप 25 जुलाई से छह अगस्त के बीच होगी। राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप के बाद एशियाई चैंपियनिशप की तैयारी शुरू होगी। चैंपियनशिप में एशियाई देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे।
जीबीयू में राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप के आयोजन की तैयारी शुरू हो चुकी है। जल्द ही आयोजकों की टीम वहां पर पहुंच जाएगी। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा देने के साथ ही दर्शकों को रोमांच देखने को मिलेगा।
दिलजीत, इवेंट डायरेक्टर, भारतीय भारोत्तोलन महासंघ