पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच के लिए सरकार करे सहयोग : रोहिताश्व अग्रवाल
ग्रेटर नोएडा। जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर में बृहस्पतिवार को नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समारोह में शपथ ग्रहण किया। इस दौरान चेंबर आवंटन का शिलान्यास राज्य विधिक परिषद उत्तर प्रदेश के चेयरमैन रोहिताश्व अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना को लेकर हजारों अधिवक्ता संघर्ष कर रहे हैं। सरकार को इसमें सहयोग करना चाहिए। ताकि लोगों को न्याय के लिए सैकड़ों किलोमीटर दूर भटकना न पड़े। नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज भाटी बोड़ाकी एवं सचिव ऋषि टाइगर ने रोहिताश्व अग्रवाल का स्वागत किया। मुख्य अतिथि सांसद डॉ. महेश शर्मा ने भी नवनिर्वाचित कमेटी के सदस्यों को बधाई दी और सहयोग का आश्वासन दिया। मनोज भाटी ने कहा कि सभी नए अधिवक्ताओं को चेंबर दिलाने के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा। साथ ही इसी महीने ड्रा भी करा दिया जाएगा। इस दौरान जिला जज एके सिंह, अपर जिला जज वेद प्रकाश वर्मा, अजय यादव, अब्दुल रजाक खान, शिव किशोर गौड़, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, विजय भाटी, डॉ. महेंद्र नागर, अंकुर अग्रवाल, प्रवेश भाटी, कविता चौहान और कालू राम उपस्थित रहे।