तावडू। नगर की नई अनाजमंडी में आगामी 28 सितंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल किसान सम्मेलन जनसभा को संबोधित करेंगे। यह जानकारी प्रदेश किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष समय सिंह भाटी ने दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा किसान मोर्चा द्वारा प्रदेश की सभी विधानसभाओं में किसान सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। जिसकी शुरुआत गत 21 सितंबर से हो चुकी है। अब तक 6 विधानसभाओं में किसान सम्मेलन पूरे हो चुके हैं। सम्मेलन में प्रदेश स्तर पर भाजपा के बड़े नेता भाग ले रहे हैं। आगामी 30 सितंबर तक सभी विधानसभाओं में यह कार्यक्रम पूरा कर लिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि तावडू में सीएम मनोहर लाल सुबह 10 बजे कार्यक्रम को संबोधित करेगें। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित के लिए शुरू की गई विभिन्न योजनाओं के बारे में सीएम किसानों को जानकारी देंगे। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वह ज्यादा से ज्यादा संख्या में क्षेत्र के किसानों से सम्मेलन में आने के लिए न्योता दें।