सीएम ने बोनी कपूर को सौंपा फिल्म सिटी का आवंटन पत्र
अंतरराष्ट्रीय तकनीक पर चार माह के अंदर शुरू हो जाएगा निर्माण कार्य, प्रथम चरण में 230 एकड़ में विकसित होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विकसित होने वाली अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के प्रथम चरण का निर्माण चार माह में शुरू हो जाएगा। विकासकर्ता कंपनी मेसर्स बेव्यू प्रोजेक्ट्स को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार काे लखनऊ में कंपनी के सीईओ एवं फिल्म निर्माता व निर्देशक बोनी कपूर को आवंटन पत्र सौंपा। इस दौरान प्रदेश के औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह और प्राधिकरण के सीईओ डॉ़ अरुणवीर सिंह मौजूद थे।
यीडा सिटी के सेक्टर- 21 में 1000 एकड़ में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी को प्रथम चरण में 230 एकड़ में विकसित किया जाना है। 155 एकड़ में फिल्म उद्योग से जुड़ी इंडस्ट्री और आवासीय सुविधा होगी, जबकि 75 एकड़ में होटल, मॉल और प्लॉजा होंगे। वहीं, दूसरे चरण में विला, गोल्फ कोर्स व मनोरंजन पार्क होंगे। बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स एलएलपी ने बिल्डर कंपनी भूटानी ग्रुप के साथ मिलकर 18 फीसदी रेवेन्यू शेयरिंग की बोली लगाकर प्रथम चरण के निर्माण के लिए विकासकर्ता कंपनी का अधिकार प्राप्त कर लिया है।
फिल्म सिटी के निर्माण के लिए कंपनी को 180 दिन के अंदर समझौता पत्र के शर्तों को पूरा करना होगा। इसके बाद भूखंड पर कब्जा दे दिया जाएगा। प्राधिकरण की तरफ से 230 एकड़ जमीन पर कब्जा लेकर पिलर लगाया जा चुका है।
डॉ़ अरुणवीर सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण।