ग्रेटर नोएडा। अंतरराष्ट्रीय विकलांगजन दिवस के मौके पर आईटीएस कॉलेज ऑफ हेल्थ एंड वेलनेस साइंसेज़ के विद्यार्थियों ने आशा ज्योति निर्मल छाया स्पेशल स्कूल में एक विशेष सामुदायिक जागरूकता अभियान का आयोजन किया। इस अभियान का उद्देश्य बौद्धिक दिव्यांगता से जुड़े बच्चों के समग्र स्वास्थ्य, शारीरिक फिटनेस और दैनिक जीवन में उनकी सहजता को बढ़ावा देना था। कॉलेज की फिजियोथेरेपी विभाग की टीम ने कुल 35 विशेष बच्चों का विस्तृत क्लीनिकल फिटनेस आकलन किया। इस स्क्रीनिंग में बच्चों की शारीरिक क्षमता, मोटर स्किल्स, संतुलन, लचीलेपन और अन्य स्वास्थ्य पैरामीटर का परीक्षण किया गया, जिससे आगे उनकी जरूरतों के अनुरूप बेहतर स्वास्थ्य योजनाएं बनाई जा सकें। डॉ. गुंजन देवान ने कहा कि दिव्यांग छात्रों के लिए हमें आगे आना होगा। ब्यूरो