नोएडा। सेक्टर 63 के एच ब्लाक में सड़क पर खड़ी बाइक हटाने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद बाइक सवार ने दूसरे पक्ष के शख्स के साथ मारपीट कर दी। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गाजियाबाद के प्रताप विहार निवासी भावेश पाल ने पुलिस से शिकायत की है कि वह 14 अक्टूबर को सेक्टर 63 एच ब्लाक आए थे। जाने के दौरान रास्ते में कार्तिक नाम का युवक बाइक लेकर खड़ा था। भावेश ने कार्तिक से बाइक को साइड करने को बोला तो कार्तिक आग बबूला हो गया। उसने अभद्रता करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर कार्तिक ने अपने साथी धीरज, आसिफ समेत कई लोगों को बुला लिया। सभी ने मारपीट कर भावेश को घायल कर दिया। कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में धीरज, आसिफ व कार्तिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। ब्यूरो