-फोटो
अब जाम का कारण बनने लगीं सिटी बसें
नोएडा। नोएडा में शहरवासियों की सुविधा के लिए शुरू की गईं सिटी बसें अब यातायात में बाधा बन रही हैं। प्राधिकरण और परिवहन निगम द्वारा बसों के रूट और स्टॉप का सर्वे पूरा न होने के कारण इनके स्टॉप तय नहीं हैं। यात्री संख्या कम होने की वजह से चालक सवारी देखते ही सड़क पर कहीं भी बसें रोक देते हैं। सुबह के व्यस्त समय में विश्वकर्मा रोड, मॉडल टाउन और बॉटनिकल गार्डन से ग्रेनो वेस्ट जाने वाले मार्गों पर इस मनमाने ठहराव से भारी जाम लग रहा है और हादसों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोग इस अव्यवस्थित संचालन पर कड़ी आपत्ति जता चुके हैं। सिटी बसों का आकार अन्य बसों के मुकाबले बड़ा है। शहर में जिन सिटी बसों को चलाया जा रहा है उनमें 41 सीट हैं। ये बसें यूटर्न लेते समय भी अटक रही हैं जिससे पीछे पूरी लेन बाधित हो जाती है। नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो के एआरएम राजेश कुमार ने बताया, सिटी बसों के रूट के लिए सर्वे अंतिम चरण में है। तैयार होने के साथ रूट के अनुसार ही बसों का संचालन किया जाएगा। सभी बसें स्टॉप पर ही रुकेंगी। ब्यूरो