फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को नोएडा के विभिन्न स्कूलों, संस्थानों और सोसाइटियों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कहीं बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोहा तो कहीं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान बच्चों को शिक्षा, संस्कार और बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया गया। परथला खंजरपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में बाल दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मंजू लता सिंह ने बच्चों को चाचा नेहरू के जीवन और उनके आदर्शों के बारे में बताया। कोंडली बांगर स्थित नोएडा लोकमंच द्वारा संचालित आदर्श संस्कार पब्लिक स्कूल में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा सेक्टर-100 स्थित सेंचुरी अपार्टमेंट में एओए की ओर से बच्चों के लिए खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियां कराई गईं। बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। भंगेल स्थित महर्षि विद्या मंदिर में बाल दिवस पर 12वीं तक के विद्यार्थियों ने दौड़, खो-खो, वॉलीबॉल, रिले रेस, क्ले एक्टिविटी और कुकरी जैसी गतिविधियों में भाग लिया।