नहाय-खाय के साथ शुक्रवार से चार दिवसीय छठ पूजा महोत्सव की शुरुआत होगी। घाटों के आसपास सजावट, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी अंतिम रूप में है। शहर में 50 से अधिक जगहों पर 100 से ज्यादा घाटों का निर्माण हो रहा है। सेक्टर-75, 71, 66, 62, 82, 93, 110, 12, 19 और 20 के अलावा नोएडा स्टेडियम, छिजारसी, चोटपुर, मोरना, छलेरा, सदरपुर, भंगेल सहित अन्य स्थानों पर कृत्रिम घाट बनाकर पर्व मनाया जाएगा।
उधर, विभिन्न सेक्टरों में पूजा सामग्रियों के लिए विशेष रूप से दुकानें लगाई गई हैं। लोग नारियल, टोकरा, सूप और गन्ना के अलावा अन्य पूजा सामग्री खरीदते नजर आए। हरौला, भंगेल, सेक्टर-62, 71 और लेबर चौक सहित अन्य स्थानों पर दुकानें सजी रहीं। व्रती शुक्रवार को लौकी व चना दाल की सब्जी और चावल बनाकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही खरना का प्रसाद तैयार किया जाएगा। इस प्रसाद को लेने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी।
19 नवंबर शाम व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद 20 की सुबह उगते हुए सूरज को अर्घ्य देने के बाद व्रत तोड़ेंगे। वहीं, अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा ने प्राधिकरण के सीईओ, डीएम और पुलिस आयुक्त से छठ व्रतियों को पानी, प्रकाश, सफाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।