सुसाइड नोट में जिंदगी से परेशान होकर कदम उठाने की बात कही
पुलिस परिवार वालों से पूछताछ कर जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रोहिणी इलाके में सोमवार देर रात एक केमिस्ट ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। उसने दुकान में ही वारदात को अंजाम दिया। शव के पास ही एक कट्टा मिला है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक के पास एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने जिंदगी से परेशान होकर कदम उठाने की बात लिखी है। पुलिस परिवार वालों से पूछताछ कर खुदकुशी के कारणों की जांच कर रही है।
मृतक की शिनाख्त प्रिंस गर्ग (30) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ राजीव नगर के डी ब्लॉक में रहता था। घर के भूतल पर केमिस्ट की दुकान थी। सोमवार देर रात 12:10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक को गोली लग गई है। सूचना मिलते ही पुलिस राजीव नगर पहुंची। जहां युवक खून से लथपथ हालत में मिला। उसकी मौत हो चुकी थी। पास ही एक कट्टा पड़ा था।
पिता कैलाश गर्ग ने बताया कि प्रिंस उसका छोटा बेटा है। वह घर के भूतल पर मेडिकल स्टोर चलाता था। देर रात तक प्रिंस के दुकान बंद नहीं करने पर वह नीचे आकर देखा। दुकान में लगे शीशे का दरवाजा अंदर से बंद था। शीशे से अंदर देखने पर उसने देखा कि प्रिंस अचेत हालत में पड़ा है। उन्होंने शीशा तोड़कर दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे। उसके कनपटी में गोली लगी थी।