मानव तस्करी से जुड़ा पार्सल आने का झांसा देकर 17 लाख रुपये ठगे
साइबर जालसाजों ने पुलिस बनकर धमकाया, साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाज ने कंबोडिया से मानव तस्करी से जुड़ा पार्सल आने के नाम पर झांसा देकर एक शख्स से 17 लाख रुपये ठग लिए गए। कस्टम अधिकारी बनकर आरोपी ने फोन किया और रकम ट्रांसफर कराए। साइबर क्राइम थाना पुलिस रिपोर्ट दर्जकर छानबीन कर रही है।
गाजियाबाद निवासी शैलेंद्र सिंह ने पुलिस से शिकायत की है कि 13 जून को उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम अजीत सिंह बताया और कहा कि वह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारी है। आपके नाम से कंबोडिया से एक पार्सल आया है। इसमें 18 एटीएम और 18 पासपोर्ट हैं। इस पर आपका नाम और फोन नंबर और पता लिखा हुआ है।
इस बारे में शैलेंद्र के इन्कार किया तो जालसाज ने कहा गया कि वह दिल्ली पुलिस से शिकायत करने जा रहे हैं। इसके बाद आरोपी ने कॉन्फ्रेंस पर लेकर कथित दिल्ली पुलिस के अधिकारी को फोन मिलाया। उसने खुद को दिल्ली पुलिस का हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार बताया और कनॉट प्लेस थाने में में तैनात होने की बात कही। इस दौरान आरोपियों ने बताया कि यह पार्सल मानव तस्करी से जुड़ा हुआ है और वह बुरी तरीके से फंस सकता है। कुछ देर में कथित दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल ने स्काइप पर शैलेंद्र से बात की और अरेस्ट वारंट दिखाया। इसके बाद फिर से फोन कर एक कथित सीबीआई अधिकारी से बात कराई और 17 लाख ठग लिए।