ग्रेनो में उद्योग लगाने का मौका, स्कीम निकली
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो में उद्योग लगाने का एक और मौका है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 16 भूखंडों की योजना निकाली है। सोमवार से आवेदन शुरू हो गया है। सीईओ नरेंद्र भूषण ने बताया कि योजना में 2000 वर्ग मीटर के 15 भूखंड हैं, जबकि 12 एकड़ का एक भूखंड है। ये सभी प्लॉट सेक्टर-10 में हैं। इसका ब्योरा www.greaternoidaauthority.in वेबसाइट पर अपलोड है। वहीं, आवेदन www.niveshmitra.up.nic.in पर किया जा सकता है। आवेदन 11 जनवरी से शुरू हुआ है। 31 तक आवेदन कर सकते हैं। 2000 वर्ग मीटर एरिया वाले भूखंडों का आवंटन ड्रा से होगा, जबकि 12 एकड़ वाले भूखंड का आवंटन साक्षात्कार से होगा। एक से दो फरवरी के बीच ड्रा कराया जाएगा। सीईओ ने बताया कि बीते कुछ दिनों में 64 उद्योगों को करीब 54 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। इनमें से 30 उद्योगों ने एकमुश्त भुगतान का विकल्प चुना है। ये सभी प्लॉट इकोटेक 10 व ईकोटेक 11 में आवंटित किए गए हैं। इनमें इंजेक्शन मोल्डिंग, रेडीमेड गारमेंट्स, फेब्रिकेशन, प्रिंटिंग, फर्नीचर, इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स, मोबाइल पार्ट्स और फूड प्रोडक्ट्स भी शामिल हैं।