- अंडर-12 बालक और बालिका वर्ग में जीती चैंपियनशिप ट्रॉफी
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो वेस्ट के जलपुरा गांव स्थित किड्स बास्केटबॉल अकादमी में शनिवार को केसी मल्टी स्पोर्ट्स एरेना बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग की अंडर-11 व अंडर-12 कैटेगरी में जिले की 25 टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजक अंकित शर्मा ने बताया कि अंडर-12 बालिका वर्ग में चैंप अकादमी ने किड्स बास्केटबॉल अकादमी को 8-6 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, मिश्रित अंडर-11 वर्ग में एसबीए अकादमी ने चैंपियन अकादमी को 6-4 अंकों से मात देकर ट्रॉफी जीती। बालक वर्ग के अंडर-12 मुकाबले में चैंप अकादमी ने एसबीए अकादमी को रोमांचक मुकाबले में 6-5 अंकों से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर देती हैं।