बुजुर्ग महिला से पता पूछने के बहाने गले से मंगलसूत्र झपटकर भागने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से ज्वेलरी और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की गई है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि मनेंद्र सिंह गुसाईं निवासी मौलधार अठूरवाला ने दी तहरीर में बताया था कि बीते दस नवंबर को उनकी मां से पता पूछने के बहाने एक युवक मंगलसूत्र झपटकर भाग गया था। पुलिस ने 11 नवंबर को जौलीग्रांट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान चेन स्नैचिंग के आरोपी मनीष पंवार निवासी सांकरी कान्हरवाला भानियावाला को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और दस दिन पहले ही दुबई से वापस आया था। नशीले पदार्थ की आपूर्ति के लिए उसने चैन स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया था।