बाइक सवार बदमाश ने सेक्टर-119 स्थित सोसाइटी के बाहर बुधवार देर शाम एक बहुराष्ट्रीय कंपनी के जोनल हेड से सोने की चेन झपट ली। घटना के बाद मौके पर पुलिस अधिकारियों ने मुआयना किया। कोतवाली सेक्टर 113 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर 119 स्थित एलडी को आमंत्रण सोसाइटी निवासी प्रभाकर कुमार मूल रूप से लखनऊ के हैं। नोएडा की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में इलेक्ट्रिक व्हीकल के जोनल हेड हैं।
बुधवार शाम को वह अपनी सोसाइटी के बाहर किसी काम से जा रहे थे। जैसे ही पास की सोसाइटी गौड़ ग्रैंडयोर के गेट पर पहुंचे तो बाइक सवार अकेला बदमाश उनके गले से सोने की चेन झपट कर फरार हो गया।
नोएडा जोन की एसीपी तृतीय सौम्या सिंह का कहना है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज से बदमाश की पहचान कर रही है। वह जल्द ही गिरफ्त में होगा।