नोएडा (संवाद)। थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने राहगीरों से चेन और मोबाइल झपटने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, तीन चोरी के मोबाइल, दो सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल बाइक और 14,500 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को मार्केट के पास डबल सर्विस रोड से दोनों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान सुमित सिंह (23) निवासी वजीरपुर, दिल्ली और सुमित वाल्मीकि (19) निवासी सेक्टर-126, नोएडा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने दिल्ली-एनसीआर में राहगीरों से मोबाइल और चेन झपटने की बात कबूल की। झपटे मोबाइल राह चलते लोगों और दिल्ली के गफ्फार मार्केट में बेचते थे। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि दोनों शीशा काटने और बनाने का काम भी करते हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।