एलिवेटेड रोड पर आधी रात को 12 केक काटे, जमकर की आतिशबाजी
- जन्मदिन मानने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया, कार जब्त
- एक घंटे तक करते रहे हुड़दंग, तेज म्यूजिक बजाकर किया डांस
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एलिवेटेड रोड पर शनिवार रात को कार सवार युवकों ने जमकर धमाल मचाया। बीच सड़क पर कार रोककर जन्मदिन मानया। कार के बोनट रखकर 12 केक काटे। इस दौरान सड़क पर जमकर आतिशबाजी की गई। तेज म्यूजिक पर डांस किया। सोशल मीडिया पर इसका जन्मदिन मनाने का वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर ब्रेजा कार को जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ललित शर्मा, दीपक पटेल, शेखर चौधरी और तरुण शर्मा के रूप में हुई है।
शनिवार आधी रात को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में चार युवक नोएडा के एलिवेटेड रोड पर ब्रेजा कार के बोनट पर 12 केक रखकर काटते और आतिशबाजी करते नजर आ रहे थे। वीडियो में चारों एलिवेटेड रोड पर जमकर डांस करते दिख रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में चला कि एलिवेटेड रोड पर दो कारे खड़ी कर केक काटा गया था। केक पर रिंकू लिखा हुआ था। करीब एक घंटे तक युवक सड़क पर हुड़दंग करते रहे। जन्मदिन मनाने के बाद युवक कूड़े को सड़क पर छोड़कर चले गए। नोएडा जोन के एडिशनल एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मामले में चार युवकों को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली गई है।