-2024-25 शैक्षणिक सत्र में स्कूलों में इसी के आधार पर होगी पढ़ाई
-तीसरी से छठी कक्षा के पाठ्यक्रम, पुस्तकों में बदलाव होना बाकी
-01 अप्रैल से स्कूलों में शुरू होने जा रहा है नया शैक्षणिक सत्र
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र(2024-25) के लिए नौवीं से बारहवीं (सैकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी) कक्षाओं के लिए पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। एक अप्रैल से शुरू होने वाले सत्र से स्कूलों को इसी पाठ्यक्रम के आधार पर पढ़ाई करानी है। मूल्यांकन भी इसी पाठ्यक्रम के आधार पर होगा। वहीं तीसरी से छठी कक्षा के पाठ्यक्रम व किताबों में बदलाव होने जा रहा है। लिहाजा इन कक्षाओं का पाठ्यक्रम व किताबें बाद में जारी की जाएंगी।
सीबीएसई की ओर से प्रत्येक वर्ष सत्र की शुरूआत से पहले ही पाठ्यक्रम को जारी किया जाता है। ताकि सत्र शुरूआत से पहले ही शिक्षकों को पता हो कि क्या पढ़ाना है और छात्रों को पता चल सके कि किस तरह के बदलाव पाठ्यक्रम में हुए हैं और उन्हें पूरे वर्ष क्या पढ़ना है। वहीं एनसीईआरटी ने तीसरी से छठी कक्षा के पाठ्यक्रम के संशोधन के संबंध में सीबीएसई को एक पत्र लिखकर सूचित किया है। पत्र में कहा गया है कि तीसरी से छठी कक्षा के नए पाठ्यक्रम और पाठ्यपुस्तकें तैयार करने का काम जारी है। इसे जल्द ही जारी किया जाएगा।
ऐसे में स्कूलों को सलाह दी गई है कि वे वर्ष 2023 तक एनसीईआरटी द्वारा प्रकाशित पाठ्यपुस्तकों के स्थान पर इन कक्षाओं के लिए नए पाठ्यपुस्तकों व पाठ्यक्रम को ही पढ़ाएं। वहीं छठी कक्षा के लिए एक ब्रिज कोर्स एनसीईआरटी की ओर से विकसित किया जा रहा है। जिसके संबंध में जानकारी स्कूलों को बाद में जारी की जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि एक अप्रैल 2024 से शुरू होने वाले शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए अन्य कक्षाओं के पाठ्यक्रम और पाठ्यपुस्तकों में कोई बदलाव नहीं होगा। बोर्ड ने नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के पाठ्यक्रम को वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया है। स्कूलों से कहा गया है कि वह वेबसाइट पर उपलब्ध पाठ्यक्रम को सभी छात्रों व शिक्षकों के साथ साझा करें।