गेल के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर के नोएडा के ठिकानों पर सीबीआई का छापा
टीम ने सेक्टर-72 स्थित घर और सेक्टर-एक स्थित दफ्तर में की छानबीन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सीबीआई ने गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रोजेक्ट केबी सिंह के नोएडा स्थित ठिकानों पर छापा मारा। कार्रवाई सोमवार शाम से मंगलवार तक चलती रही। सीबीआई ने अधिकारी के सेक्टर-72 स्थित आवास और सेक्टर-एक स्थित दफ्तर में छानबीन की। इस दौरान स्थानीय पुलिस को भनक तक नहीं लगी। रिश्वत लेने के मामले में केबी सिंह की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने नोएडा में यह कार्रवाई की।
सीबीआई की टीम ने सोमवार शाम से ही केबी सिंह के ठिकानों पर कार्रवाई शुरू कर दी थी। टीम सबसे पहले सेक्टर-एक स्थित गेल दफ्तर पहुंची। यहां पर एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर के 18वीं मंजिल के दफ्तर जाकर जांच की। इसके बाद सेक्टर-72 स्थित उनके घर पर छापा मारा। मंगलवार शाम तक टीम घर में दस्तावेज और मोबाइल, गैजेट्स और बैंक अकाउंट का ब्योरा खंगालती रही।
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई ने यह कार्रवाई गैस पाइपलाइन प्रोजेक्ट में रिश्वत लेने के मामले में की है। गेल के डायरेक्टर पर 50 लाख घूस लेने का आरोप लगा है। उन पर आरोप है कि वह किसी एक के पक्ष में काम कर रहे थे। सेक्टर-72 के बी ब्लॉक स्थित जिस मकान पर सीबीआई की कार्रवाई हुई, उसके आसपास के लोगों और स्थानीय पुलिस को भी भनक नहीं लगी। टीम यहां दो वाहनों से आई थी। इसमें पांच अधिकारी शामिल थे।