दनकौर (संवाद)। यमुना एक्सप्रेसवे के पास पीजी कॉलेज की बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा ने अपने ही गांव के एक युवक पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि छात्रा की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना बस से कॉलेज आती-जाती है। सोमवार सुबह एक्सप्रेसवे से उतरकर वह अकेले कॉलेज की ओर जा रही थी। इसी दौरान पहले से झाड़ियों में छिपे एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। युवक ने अपना मुंह कपड़े से ढक रखा था। इसी दौरान उसके चेहरे पर बंधा कपड़ा खुल गया, जिससे छात्रा ने उसकी पहचान हरीश उर्फ बाबा के रूप में की।