निगम विद्यालय में मिड-डे-मील खाने के बाद छात्राओं के बीमार होने का मामला
इंद्रपुरी थाना पुलिस ने लापरवाही और जान सांसत में डालने का दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंद्रपुरी सी ब्लॉक स्थित निगम प्रतिभा विद्यालय में मिड-डे-मील खाने के बाद बीमार हुई सौ छात्राओं के मामले में दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इंद्रपुरी थाना पुलिस ने विषैला पदार्थ खाने से जान सांसत में डालने के साथ लापरवाही बरतने का भी मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान जिन लोगों की लापरवाही सामने आएगी, उन पर कार्रवाई होगी। वहीं, शनिवार को विद्यालय बंद रहा।
पुलिस के अनुसार, परोस गए खाने के नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। इसकी रिपोर्ट एक सप्ताह में आने की उम्मीद है। रिपोर्ट से पता चलेगा कि छात्राओं की तबीयत खाने या फिर किसी अन्य कारण से बिगड़ी है। पुलिस ने छात्राओं के ब्लड सैंपल की रिपोर्ट भी मंगाई है। बीमार छात्राओं की काउंसिलिंग भी करवाई जाएगी। उम्मीद है कि इससे कुछ नए साक्ष्य सामने आ सकते हैं। पुलिस ने संबंधित विभाग से काउंसलर उपलब्ध करवाने के लिए कहा है। छात्राओं के पूरी तरह से ठीक होने के बाद ही काउंसिलिंग की जाएगी।