तावडू। ईकॉमर्स कंपनी से सामान लेकर जा रहे एक ट्रक चालक पर 6 लाख 80 हजार रुपये का सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार शाम आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई आबिद हुसैन ने बताया कि हितेंद्र निवासी अमर कॉलोनी नांगलोई नई दिल्ली ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसने शिव ट्रांसपोर्ट के नाम से ट्रांसपोर्ट कंपनी खोल रखी है और उसके पास एक ट्रक है। उसने अपनी गाड़ी ईकॉमर्स कंपनी में लगा रखी है। गाड़ी पर जुबेर खान निवासी गांव सियानिका थाना तावडू को पिछले 10-15 दिनों से बतौर चालक रखा हुआ है। पीड़ित ने बताया कि 3 अक्तूबर को गाड़ी अमेजॉन कंपनी तावडू के गोदाम से करीब 15 लाख का सामान भरकर महिपालपुर दिल्ली पहुंची। जहां से गाड़ी में भरा हुआ सामान महिपालपुर से गुजरात भेज दिया गया। गुजरात पहुंचने पर गाड़ी में रखे डिब्बों व गाड़ी की बॉडी पर लगे दरवाजे पर नकली सील लगी पाई गई।