एम्स के डॉक्टर पर हमले में 4 पर केस दर्ज
-यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई घटना, ससुरालियों पर पीटकर घायल करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। यमुना एक्सप्रेसवे पर रंजिशन एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) में तैनात एक डॉक्टर को उसके ही ससुरालियों ने पीट-पीटकर कर घायल कर दिया। आरोप है कि पीड़ित का आरोपी पिछले कई माह से पीछा कर रहे थे। इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो सगे भाई समेत चार पर केस दर्ज कर लिया है।
जेवर कोतवाली क्षेत्र के साबौता गांव निवासी राकेश शर्मा दिल्ली स्थित एम्स में ह्रदय रोग विशेषज्ञ हैं। उन्होंने बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी कार से बुधवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे। यमुना एक्सप्रेस वे पर कार को रैंप पर चढ़ाने के दौरान पीछा करते आ रहे कार सवार चार लोगों ने उनपर डंडों से हमला कर दिया। आसपास को लोगों को आता देख आरोपी डॉक्टर को घायल अवस्था में छोड़कर भाग गए। डॉक्टर का कहना है कि हमला करने वाले उनके ससुराल के लोग हैं। मामले में पीड़ित ने अपने साले राजेंद्र, यतेंद्र, उनके साथी अखिल और वेदप्रकाश निवासी अलीगढ़ को नामजद कराते हुए कोतवाली में केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ माह से उनके सालों का अपनी बहन से विवाद चल रहा है। इसकी वजह से आरोपी उनसे भी रंजिश मानते हैं।