तावडू। उपमंडल के एक गांव की युवती से दो युवकों द्वारा अश्लील हरकत कर दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज नल्हड़ नूंह में सुपरवाइजर के पद पर तैनात युवती ने बताया कि वह प्रतिदिन अपने गांव से ही अपनी नौकरी पर आती जाती है। आरोप है कि कई दिनों से ड्यूटी पर आते जाते समय दो युवक उसके साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकत कर रहे थे। समझाने पर भी आरोपी बाज नहीं आए और उल्टा उसे धमकाने लगे। आरोप है कि 16 सितंबर की शाम जब वह ड्यूटी से घर लौट रही थी तो तावडू टेंपो स्टैंड पर आरोपी नीरज व हकला निवासी तावडू खड़े थे, जो उसे देखकर फब्तियां कसने लगे। विरोध करने पर आरोपी नीरज ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसके शोर मचाने पर वहां पर काफी लोग आ गए जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।