ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में कार और स्कूटी की मामूली टक्कर के बाद हुए विवाद में कार सवार युवक के साथ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर रविवार को प्राथमिकी दर्ज की है। गाजियाबाद के वसुंधरा निवासी देवेंद्र प्रसाद सिंह का कहना है कि 10 जुलाई की रात उनका बेटा हितेश कुमार सिंह अपनी कार से मित्र शिवांश पांडे के साथ नॉलेज पार्क-3 स्थित आइंस्टीन हॉस्टल की ओर जा रहा था। इसी दौरान हॉस्टल के पास स्कूटी ने कार में टक्कर मार दी, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ और पीड़ित के साथ मारपीट की गई। शिवांश ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। वहीं, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।