गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र में राजनगर सेक्टर-नौ चौकी के पास बदमाश ने चाकू की नोक पर युवक से कार लूट ली। पीड़ित ने सेक्टर-नौ चौकी पर सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बदमाश के पीछे टीम भेजी और जीपीएस की मदद से ट्रैक कर मेरठ तिराहे पर दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि बदमाश लूटी गई कार से वारदात करने की फिराक में था।
एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सुनील चौहान शामली के भातू खेड़ी के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली खजूरी में अपनी बहन के पास से लौट रहे थे। जैसे ही वह राजनगर सेक्टर-नौ चौकी के पास पहुंचे तो रास्ते में रुककर वह पानी पीने लगे। इसी बीच एक युवक आया उसके हाथ में पट्टी बंधी थी। उसने उन्हें चाकू दिखाया और मारने की धमकी देकर कार छीन कर भाग गया। उन्होंने शोर मचाया लेकिन तब तक वह भाग गया। जानकारी करके वह सेक्टर-नौ चौकी पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। एसीपी ने बताया कि पकड़ा गया लुटेरा मेरठ सरधना के कालंद निवासी राजचेतन त्यागी है। इसके पास से लूटी गई कार और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
हत्या, डकैती जैसे संगीन अपराध कर चुका है राजचेतन
एसीपी ने बताया कि राजचेतन का आपराधिक इतिहास खंगाला गया तो पता चला कि उसके खिलाफ अपहरण करके हत्या, डकैती, हत्या का प्रयास समेत आर्म्स एक्ट के छह मुकदमे दर्ज हैं। वह पेशेवर अपराधी है।
-
कविनगर थाने में नए कानून के तहत लूट की पहली एफआईआर दर्ज हुई
एक जुलाई से नया कानून लागू हो गया। ऐसे में घटना होने के कारण कविनगर थाने में लूट के मामले की पहली एफआईआर भारतीय न्याय संहिता 309 (4) के तहत दर्ज की गई। एसीपी ने बताया कि मामले में नए कानून के तहत बरामदगी और साक्ष्य संकलन किया गया है। वीडियोग्राफी व बयान दर्ज कर ई-साक्ष्य एप पर अपलोड किए गए हैं।