सूरजपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जौनपुर निवासी अमित परिवार के साथ औद्योगिक क्षेत्र में किसी से मिलने जा रहे थे। दोपहर करीब दो बजे सूरजपुर क्षेत्र में तिलपता गांव के पास खुले नाले में उनकी कार गिरकर फंस गई। इससे अमित, परिवार का एक बच्चा, महिला समेत पांच लोग फंस गए। परिवार के लोग मदद मांगने के लिए शोर मचाने लगे। शोर सुनकर कुछ राहगीर मौके पर रुके लेकिन मदद के बजाय नाले में गिरी कार की वीडियो बनाने लगे।
इस बीच किसी ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पास में ही चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह कार का गेट खोलकर घायलों को एक-एक कर कार से बाहर निकाला। इसके बाद क्रेन को मौके पर बुलाकर कार भी बाहर निकलवा दी।
बताया गया है कि नाले पर बनी पुलिया काफी दिन पहले टूट गई थी। इसके बाद यहां पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया। इसके बाद से ही लोग हादसे की आशंका जता रहे थे। अब, एक बार फिर लोगों ने खुले नाले पर पुलिया बनवाने की मांग की है।