नई दिल्ली। हैदरपुर-बादली मोड़ पर निर्माणाधीन मेट्रो पिलर से शटरिंग का हिस्सा गिरने से बृहस्पतिवार रात कार चालक जख्मी हो गया। साथ ही, कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आउटर रिंग रोड पर उत्तरी पीतमपुरा की तरफ जाने वाली सड़क पर निर्माण स्थल पर पिलर से शटरिंग हटाने के दौरान हादसा हुआ। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) घटना की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, घायल शख्स की हालत स्थिर है। उसकी हर संभव सहायता की जाएगी। इस सड़क से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। अगर शटरिंग का बड़ा हिस्सा गिरता तो घायलों की संख्या अधिक हो सकती थी। मेट्रो पिलर पर कंक्रीट को मजबूती देेने के लिए स्टील और लकड़ी का इस्तेमाल अस्थायी संरचना के तौर पर किया जाता है। कंक्रीट के स्थायी रूप लेने के बाद शटरिंग को हटाया जा रहा था। इसी दौरान शटरिंग में इस्तेमाल लोहे का हिस्सा कार पर गिर गया। हादसे की गहन जांच की जा रही है। इस लाइन पर मेट्रो फेज-4 के जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। ब्यूरो