दनकौर। यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार को आगे चल रही कार में टक्कर लगने के बाद पिछली कार में आग लग गई। कार चला रहे युवक ने कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही कार पूरी तरह से जल गई। यमुना एक्सप्रेसवे पर एक कार जेवर से ग्रेटर नोएडा की तरफ जा रही थी। गलगोटिया विवि के सामने आगे चल रही अन्य कार से टकरा गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई और इंजन अधिक गर्म होने के कारण आग लग गई। आग लगते ही चालक कार से बाहर निकल गया और दमकल विभाग व पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि हादसे में कोई जनहानि नही हुई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।