टैंकर से टकराई कैंटर, चालक की मौत
केजीपी पर हादसा, मरम्मत कार्य के कारण पानी का टैंकर कर रहा था छिड़काव
दो की हालत गंभीर, अस्पताल में कराया गया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (केजीपी) पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार कैंटर आगे खड़े एक टैंकर से भिड़ गया। हादसे में कैंटर सवार चालक समेत तीन लोग अंदर फंसकर घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत से कैंटर में फंसे घायलों को निकाला और ग्रेनो के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
मेरठ के किठौर निवासी सीमाव अली (34) किराए पर कैंटर चलाते थे। वह एक कंपनी का सामान भरकर साथी सुहैल और रिकायत के साथ एक्सप्रेसवे होते हुए मंगलवार को मानेसर से मेरठ लौट रहे थे। दनकौर क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर मरम्मत का कार्य चल रहा है। इस वजह से टैंकर से वहां पर पानी छोड़ा जा रहा था। इस दौरान कैंटर पानी के टैंकर से टकरा गया। हादसे में तीनों दोस्त आगे गाड़ी में फंस कर गंभीर रूप से घायल हो गए। दनकौर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने सीमाव अली को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।