एओए की मनमानी के विरोध में निकाला कैंडल मार्च
-ग्रेनो वेस्ट की ऐस सिटी सोसाइटी में एओए को लेकर विवाद जारी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की ऐस सिटी सोसाइटी में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के चुनाव का विवाद खत्म नहीं हो रहा है। रविवार को सोसाइटी के निवासियों ने एओए के सदस्यों के खिलाफ कैंडल मार्च निकाला। साथ ही बैठक कर मांग की है कि एओए की सदस्यता खोली जाए। उन्होंने चुनाव समिति भंग करने का भी विरोध किया है और इसकी शिकायत डिप्टी रजिस्ट्रार से करने का फैसला लिया है।
निवासियों ने बताया कि सोसाइटी में 2532 फ्लैट हैं। जबकि एओए के चुनाव में मतदान करने का अधिकार केवल 461 के पास है। एओए का कार्यकाल पूरा हो चुका है। उससे पहले चुनाव नहीं कराया गया। एओए की कार्यकारणी मनमानी कर रही है। एओए ने पहले अपनी मनमर्जी से चुनाव समिति का गठन किया, लेकिन शनिवार रात समिति को अचानक भंग कर दिया गया। जबकि एओए को यह अधिकार नहीं है। समिति बनाने की सूचना डिप्टी रजिस्ट्रार को भी भेज दी गई है। चुनाव का कार्यक्रम भी जारी हो चुका है। इसके विरोध में सोसाइटी के अन्य निवासियों ने सुबह और शाम के समय दो बार बैठक की। निवासियों ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन एओए को सौंपने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पत्र नहीं लिया। अब डिप्टी रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपा जाएगा।