नोएडा (संवाद)। सेक्टर-27 स्थित कैम्ब्रिज स्कूल में जारी दूसरे कैम्ब्रिज अंडर-14 अंतर-विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। टूर्नामेंट के तीसरे क्वार्टर फाइनल में संस्कृत स्कूल, चाणक्यपुरी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 167 रन बनाए। जवाब में कैम्ब्रिज स्कूल, श्रीनिवासपुरी ने 4 विकेट पर 171 रन बना लिए। देवांश सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। चौथे क्वार्टर फाइनल में सहवाग इंटरनेशनल स्कूल, झज्जर ने 8 विकेट पर 180 रन बनाए। जवाब में वसंत वैली स्कूल 68 रन पर सिमट गई। श्रेयांश आनंद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। आज टूर्नामेंट में सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, नोएडा एक्सटेंशन का मुकाबला अरवाचिन भारती भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, विवेक विहार से होगा। दूसरे सेमीफाइनल में कैम्ब्रिज स्कूल, श्रीनिवासपुरी और सहवाग इंटरनेशनल स्कूल, झज्जर आमने-सामने होंगे।