- कैब से उतरकर कुछ दूरी तक पैदल जाना होगा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अगर आप कैब से जा रहे हैं तो टर्मिनल तक आपको कुछ दूरी तक पैदल जाना पड़ेगा। अब कैब को एयरपोर्ट टर्मिनल से लगभग दो सौ मीटर दूर ही रोक दिया जाएगा। कैब यहीं पर खड़ी होंगी और सवारियों को इसी स्थान पर उतारेंगी। एयरपोर्ट पर दिन ब दिन नए शहरों के लिए विमान सेवाएं शुरू हो रही हैं। धीरे-धीरे एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। ऐसे में निजी वाहन और सार्वजनिक परिवहन का दबाव भी बढ़ेगा। एयरपोर्ट तक जाने के लिए अधिकतर यात्री कैब को ही विकल्प बनाते हैं। इसलिए ट्रैफिक पुलिस ने ये व्यवस्था बनाई है। जहां अभी तक एयरपोर्ट जाने वाली टैक्सी टर्मिनल के सामने ही रुकती थीं। यहीं पर कैब की कतार लगी रहती थी। अब इसमें बदलाव किया गया है। अब एयरपोर्ट टर्मिनल के सामने तक कैब नहीं पहुंच पाएंगी। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से उतरकर एयरपोर्ट को जाने वाले रास्ते पर पड़ने वाले दूसरे गोल चक्कर के पास ही खाली स्थान पर स्टैंड बनाया गया है। डीसीपी ट्रैफिक अभय कुुमार मिश्र ने बताया एयरपोर्ट पर बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए ये व्यवस्था बनाई है। हालांकि शटल बस सेवा की व्यवस्था एयरपोर्ट पर है।