यमुना सिटी (संवाद)। प्रज्ञान पब्लिक स्कूल जेवर के पूर्व छात्र आदित्य शर्मा ने सीए (चार्टर्ड एकाउंटेंसी) फाउंडेशन परीक्षा में प्रथम प्रयास में ही सफलता प्राप्त की है। आदित्य ने सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों को दिया। विद्यालय में आदित्य शर्मा के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्या डॉ. दीप्ति शर्मा और शिक्षकों ने शुभकामनाएं देते हुए आदित्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रबंधक डॉ. हरीश कुमार शर्मा ने कहा कि मेहनत और अनुशासन से ही सफलता अर्जित की जा सकती है। इस अवसर पर सोनिया कोचर, बोस्की सिंह, उमेश चंद्र शर्मा, जितेंद्र कुमार गुप्ता सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।