फ्लैट खरीदारों ने सरकार को जागने के लिए बजाई थाली
- थाली बजाओ, सरकार जगाओ, रजिस्ट्री कराओ, घर दिलवाओ का लगाया नारा
- एक मूर्ति गोल चक्कर पर किया प्रदर्शन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के फ्लैट खरीदारों ने रविवार को एक मूर्ति गोल चक्कर पर बिल्डरों और प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। थाली बजाकर सरकार को जगाने का प्रयास किया। खरीदारों ने ‘थाली बजाओ, सरकार जगाओ, रजिस्ट्री कराओ और घर दिलवाओ’ के नारे के साथ जमकर प्रदर्शन किया। खरीदारों का कहना है कि जब तक रजिस्ट्री कराने और कब्जा दिलाने का रास्ता नहीं निकाला जाएगा तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
ग्रेनो वेस्ट में हजारों फ्लैट खरीदार रजिस्ट्री होने का इंतजार कर रहे हैं। बिल्डरों ने कब्जा दे दिया है, लेकिन रजिस्ट्री नहीं करा रहे हैं। कई वर्षों से खरीदार बिल्डरों के साथ-साथ प्राधिकरण और प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं। परेशान होकर खरीदारों ने ग्रेनो वेस्ट के एक मूर्ति गोल चक्कर पर प्रदर्शन शुरू किया। पिछले 28 सप्ताह से लगातार प्रदर्शन जारी है। रविवार को भी बड़ी संख्या में खरीदारों ने प्रदर्शन किया। खरीदारों ने कहा कि रजिस्ट्री नहीं होने से मालिकाना हक नहीं मिल पा रहा है। बिल्डर और प्राधिकरण पर कोई असर नहीं है। प्रदेश सरकार ने भी आश्वासन दिया था, लेकिन कोई समाधान नहीं निकाला गया।
रविवार को थाली बजाकर सरकार को जगाने का प्रयास किया गया है। इस मौके पर नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार, दीपांकर कुमार, श्वेता भारती, राजकुमार, चंदन सिन्हा, महेश यादव, रंजना भारद्वाज, रोहित मिश्रा, ज्योति जायसवाल, राहुल राज यादव, समीर भारद्वाज, अनिल रात्रा, शशि भूषण, पुरुषोत्तम कुमार, अशोक श्रीवास्तव, शेर सिंह, निलेश कुमार, विकास जोशी, राजकुमार वर्मा, एसपी गुप्ता, योगेश, निलेश कुमार, मृत्युंजय, दिनकर, शशांक समेत 20 से अधिक सोसाइटियों के खरीदार मौजूद रहे।
बिल्डर ने बैठक कर निवासियों को दिया आश्वासन
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की इको विलेज वन के निवासियों ने रविवार को बिल्डर के साथ बैठक की। बैठक में विभिन्न समस्याओं को रखा गया। निवासियों ने बताया कि आंदोलन के बाद बिल्डर ने पहली बार निवासियों के साथ बैठक की। जिसमें बिल्डर ने पैसा आने पर काम शुरू करने की बात कही। बिल्डर ने बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर में भी सुधार कराने का आश्वासन दिया है। निवासियों ने बताया कि जिन खरीदारों को निशुल्क पार्किंग दी गई थी। पार्किंग बनने तक उनको अस्थायी पार्किंग दी जाएगी। ब्यूरो