ग्रेटर नोएडा (संवाद)। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 के तहत जनपद के 82 ग्राम पंचायतों से बस सेवाएं शुरू होंगी। इससे गांवों का नगरों से संपर्क जुड़ेगा। उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने योजना को लागू करने की घोषणा की है। इसके तहत गौतमबुद्धनगर जिले की 82 ग्राम पंचायतों से बसों का संचालन किया जाएगा। ये बसें अनुबंध के आधार पर चलाई जाएंगी। इसके अंतर्गत दादरी, बिसरख और जेवर ब्लॉकों के गांवों से एक-एक बस चलेंगी। बसों के संचालन की अनुमति जिला प्रशासन की कमेटी द्वारा दी जाएगी। साथ ही इसके रूट, संचालन व्यवस्था और किराया जिला स्तरीय अधिकारी तय करेंगे। इसके अलावा एनटीपीसी, कल्दा, दुजाना समेत कई गांवों से बस संचालन शुरू होगा। जिले के तीनों ब्लॉक के आखिरी छोर के गांव भी जिला, तहसील और ब्लॉक मुख्यालय से जुड़ेंगे।