जीरो प्वाइंट पर बस ने मारी बाइक में टक्कर, ठेकेदार की मौत
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा से आ रहे बाइक सवार को जीरो प्वाइंट पर पीछे से एक बस ने टक्कर मार दी। भीषण हादसे में टाइल्स-पत्थर लगवाने का कार्य करने वाले ठेकेदार की मौत हो गई। नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने उसके शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजकर बस की तलाश शुरू कर दी है। मूलरूप से आगरा के किरावली निवासी मोहन सिंह दिल्ली में पत्थर और टाइल्स लगवाने का ठेका लेते हैं। वह दिल्ली में ही रहकर कार्य करते हैं। शनिवार दोपहर वह आगरा से मोटरसाइकिल से होते हुए दिल्ली जा रहे थे। जीरो प्वाइंट पर नोएडा जाने वाले रास्ते पर उतरते समय पीछे से एक तेज रफ्तार बस ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पर गिरे मोहन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची नॉलेज पार्क थाना पुलिस उन्हें ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके परिजन को सूचना दे दी है। मोहन सिंह के परिवार में उनके दो बेटे ओर दो बेटियां हैं।