विरोध करने पर की पिटाई, डिलीवरी देने जा रहा था पीड़ित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका साउथ में बदमाशों ने जोमैटो के डिलीवरी बॉय से बर्गर लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने पिटाई कर नकदी भी छीन ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, उत्तम नगर निवासी दीपक सिंह को शुक्रवार रात बागडौला गांव से बर्गर का ऑर्डर मिला। वह पैसिफिक मॉल से बर्गर लेने के बाद रात करीब 11:30 बजे गांव की ओर जा रहा था। कुछ दूर जाते ही बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार दो युवकों ने बाइक को ओवरटेक कर रोका और बर्गर का पैकेट छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने दीपक की पिटाई कर दी। इसके बाद जेब से 1700 रुपये भी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने दीपक के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों की स्कूटी पर राव लिखा हुआ था। एक बदमाश दूसरे को अंकित नाम से बुला रहा था। पीड़ित के बताए हुलिए और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।