लोनी। न्यू विकास नगर कॉलोनी में रविवार रात दबंगों ने विवाद के बाद युवक के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में युवक के चोट आई है। परिजनों ने घायल युवक को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने मामले में आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। कॉलोनी में रहने वाले सतबीर और सचिन निवासी बाग राणप लोनी बाइक पर गुमशुदा अमित को तलाश रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक गली में गजर रहे रोहित से टकरा गई। जिस पर रोहित ने दोनों के साथ गाली गलौज करते हुए अपने साथियों सोनू, रोशन व अन्य को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि लोगों ने मिलकर दोनों के साथ मारपीट की। इस दौरान मौका मिलने पर सचिन किसी तरह से भाग निकला और घटना की जानकारी परिजनों को दी। आरोपियों ने सतबीर के साथ मारपीट कर दो दांत तोड़ दिए। उपचार में घायल के सिर, हाथ व मुंह में टांके आए हैं। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पीड़ित की शिकायत तीन नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।