एलिवेटेड रोड पर खड़े डंपर से बुलेट और स्कूटी टकराई, युवती की मौत
- युवती की जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे सभी, चार अन्य घायल, एक की हालत गंभीर
- मंगलवार रात दो बजे हुआ जयपुरिया प्लाजा के सामने हुआ हादसा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एलिवेटेड रोड पर मंगलवार रात दो बजे खड़े डंपर से बुलेट और स्कूटी टकरा गई। हादसे में बुलेट सवार भंगेल निवासी गीती संध्या स्वाइन (25) की मौत हो गई। वहीं बुलेट चला रहा प्रताप विहार गाजियाबाद निवासी नमन (28) गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि स्कूटी सवार तीन लोगों को भी हल्की चोट लगी है। हादसे के वक्त गीती चारों साथियों के साथ अपने जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रही थी। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंगलवार रात को सेक्टर-18 से सेक्टर-60 के एलिवेटेड रोड पर जयपुरिया प्लाजा के पास डंपर का टायर फट गया था। चालक और परिचालक डंपर में टायर लगवा रहे थे। उन्होंने फटे हुए टायर को डंपर से करीब 10 फीट पीछे सड़क पर रख दिया था। रात करीब दो बजे बुलेट सवार नमन व गीती और स्कूटी सवार तीन लोग पार्टी के बाद घर लौट रहे थे। तभी बुलेट और स्कूटी सड़क पर रखे फटे टायर से टकरा कर अनियंत्रित होकर डंपर से टकरा गई।
हादसे में बुलेट सवार नमन और गीती, स्कूटी सवार सेक्टर-76 निवासी मनीषा सिंह (28), सेक्टर-82 निवासी उमा चौधरी और अरविंद कुमार घायल हो गए।पांचों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां गीती संध्या ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल नमन को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्कूटी सवार तीनों को हल्की चोट आई है। एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
जन्मदिन पर मौत से परिजन स्तब्ध
पुलिस के मुताबिक गीती संध्या स्वाइन नोएडा की निजी कंपनी में काम करती थी। बुधवार को वह अपने जन्मदिन पर रात में दोस्तों के साथ पार्टी करने गार्डेन गैलेरिया मॉल गई थी। गीती के लिए जन्मदिन ही अंतिम दिन बन गया। युवती की मौत की खबर सुनकर परिजन और दोस्त स्तब्ध हो गए। उसके पूरे परिवार में मातम छा गया।
हेलमेट होता तो बच सकती थी जान, तेज थी रफ्तार
घटनास्थल की जांच में पुलिस को पता चला कि बुलेट के पीछे बैठी गीती हेलमेट नहीं पहनी थी। हेलमेट नहीं होने के कारण उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक अगर उसने हेलमेट लगाई होती तो उसकी जान बच सकती थी। वहीं बुलेट चला रहे नमन ने हेलमेट पहन रखा था। पुलिस के मुताबिक जिस समय हादसा हुआ बुलेट की गति तेज थी और स्कूटी उसके पीछे थी।
एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार के कारण हो रहे हादसे
हाल के महीनों में एलिवेटेड रोड पर हादसे बढ़ गए हैं। इसके पीछे वाहनों का तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाना है। एलिवेटेड रोड पर वाहनों की गति सीमा तय है लेकिन लगातार ओवर स्पीड में वाहन चलते हैं। इस कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। वहीं एलिवेटेड रोड पर लगे कैमरे से भी हर महीने चालान होता है लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण हादसे नहीं रुक रहे।