नोएडा। सेक्टर-144 के सामने हिंडन डूब क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण को मंगलवार को नोएडा प्राधिकरण ने अभियान चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के वर्क सर्किल-8 की ओर से की गई इस कार्रवाई में करीब 15 हजार वर्ग मीटर जमीन कब्जामुक्त कराई गई। प्राधिकरण की इस कार्रवाई का मौके पर निर्माण कराने वालों ने बड़ी संख्या में जुटकर विरोध भी किया, लेकिन पुलिस व प्रवर्तन दल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रही। प्राधिकरण के महाप्रबंधक (जीएम) एके अरोड़ा ने बताया कि डूब क्षेत्र में किसी भी तरह का पक्का निर्माण पूरी तरह अवैध है। यहां निर्माण करने वालों को पूर्व में कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन काम नहीं रोका जा रहा था। इसके चलते प्राधिकरण ने अभियान चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। ब्यूरो