फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फरार श्रीकांत त्यागी के फ्लैट पर चला बुलडोजर, 25 हजार का इनाम घोषित

विज्ञापन
सेक्टर 93 स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में श्रीकांत त्यागी के घर के बाहर अवैध निर्माण पर चला बुलडो?
विज्ञापन
नोएडा। सेक्टर-93 स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता करने वाले कथित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी के फ्लैट पर सोमवार सुबह बुलडोजर चलाया गया। प्राधिकरण की टीम ने त्यागी के फ्लैट के पास बने अवैध पार्किंग, टीन शेड को गिराकर कॉमन एरिया को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। वहीं, कमिश्नरेट पुलिस ने फरार श्रीकांत पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। सोमवार को भी पुलिस की एक दर्जन से ज्यादा टीमों ने यूपी, दिल्ली से लेकर उत्तराखंड के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
विज्ञापन

सोमवार सुबह नोएडा प्राधिकरण के प्रवर्तन दस्ते की टीम दो बुलडोजर लेकर सोसाइटी में दाखिल हुई। भारी पुलिस बल के बीच श्रीकांत के फ्लैट के बाहर किए गए अवैध निर्माण को ढहा दिया गया। इस पर सोसाइटी के लोगों ने खुशी जताते हुए मिठाइयां बांटी और उसकी गिरफ्तारी की मांग की। वहीं सोमवार को नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की टीम श्रीकांत के अवैध संपत्ति का पता लगा रही है। जल्द ही आरोपी की संपत्ति को अटैच करने की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में लखनऊ से लेकर दिल्ली तक नेताओं और अधिकारियों की सक्रियता बढ़ गई है। लखनऊ से अधिकारी नोएडा की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।
एसटीएफ ने संभाला मोर्चा, देहरादून में मिली आखिरी लोकेशन
तीन दिन बाद भी नोएडा पुलिस श्रीकांत को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जिसके बाद यूपी एसटीएफ की टीम अब उसकी तलाश में जुट गई है। इसके लिए एसटीएफ की अलग टीम गठित कर दी गई है। वहीं पुलिस की जांच में श्रीकांत की आखिरी लोकेशन देहरादून में मिली है। रविवार को ऋषिकेश में उसका लोकेशन मिला था। हालांकि पुलिस इस बारे में कुछ आधिकारिक जानकारी नहीं दे रही है।
विज्ञापन

30 से अधिक ठिकानों पर दबिश, 8 करीबियों से पूछताछ
श्रीकांत को गिरफ्तार करने के लिए नोएडा पुलिस की एक दर्जन टीमों ने सोमवार को करीब 30 ठिकानों पर दबिश दी। इनमें नोएडा, दिल्ली, लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून शामिल है। ताबड़तोड़ दबिश के बाद भी श्रीकांत पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। इधर सोमवार को श्रीकांत के आठ करीबियों और रिश्तेदारों से पुलिस ने पूछताछ की। इसमें कुछ अहम जानकारी पुलिस के हाथ लगी है।
हंगामा करने वाले छह आरोपी गए जेल, चार फरार
रविवार रात को ग्रेंड ओमैक्स सोसाइटी में हंगामा करने वाले श्रीकांत के दस गुर्गों की पहचान कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली फेज टू में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें से छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोनी बॉर्डर निवासी नितिन त्यागी, निवाड़ी मोदीनगर निवासी लोकेंद्र त्यागी, राहुल त्यागी, चर्चिल राणा, लोनी निवासी प्रिंस त्यागी और रवि पंडित के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं फरार चार आरोपियों अजीत चौधरी, निशांत त्यागी, सचिन त्यागी और अंकुर मिश्रा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही हैं। फरार आरोपी भी गाजियाबाद के आसपास के रहने वाले हैं। सभी आरोपी फार्च्यूनर और स्कॉर्पियो से आए थे।
गनर देने वालों अफसरों की गोपनीय रिपोर्ट तलब
श्रीकांत को गनर देने की सिफारिश करने वाले अफसरों से संबंधित गोपनीय रिपोर्ट शासन ने तलब की है। शासन के उच्च अधिकारियों के दखल के बाद इस मामले में श्रीकांत के करीबी अफसरों की रिपोर्ट मांगी गई है। श्रीकांत को गाजियाबाद से गनर मिलने की जानकारी सामने आई है। जो वहां के तत्कालीन एसएसपी की संस्तुति से मिली थी। अब इस मामले में उन अफसरों की भी जांच होगी कि इन अफसरों के आरोपी के किस तरह के ताल्लुकात थे। इससे पुलिस महकमे में चर्चा है कि अगर सही जांच हुई तो कई आईपीएस की पोल खुल सकती है। इसके साथ ही श्रीकांत को संरक्षण देने वाले प्राधिकरण से लेकर अन्य विभाग के अधिकारियों के बारे में शासन स्तर से पता लगाया जा रहा है।
कोर्ट में दी समर्पण की अर्जी, 10 अगस्त को सुनवाई
- सोसाइटी में हंगामा करने वाले श्रीकांत के छह समर्थकों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर-93 स्थित सोसाइटी में महिला के साथ अभद्रता करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी ने सोमवार को कोर्ट में समर्पण के लिए अर्जी दाखिल की है। अर्जी पर 10 अगस्त को सुनवाई होगी। अर्जी की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस अलर्ट हो गई। जिला न्यायालय के सभी गेट पर जांच शुरू कर दी गई। वहीं, रविवार रात ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में पीड़िता को धमकाने और हंगामा करने वाले श्रीकांत के छह समर्थकों को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। श्रीकांत त्यागी के अधिवक्ता सुशील भाटी ने बताया कि सोमवार को कोर्ट में समर्पण की अजी दाखिल की गई थी। अर्जी पर अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन दो नुपूर श्रीवास्तव बुधवार को सुनवाई करेंगी।
लापरवाही बरतने में एसओ समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित
नोएडा। कथित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी के मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर एक्शन लेते हुए कोतवाली फेज टू के थानाध्यक्ष समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें थानाध्यक्ष के अलावा एक सब इंस्पेक्टर व चार सिपाही शामिल हैं। एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस घटना को शासन और डीजीपी ने गंभीरता से लिया है। मामले में मुख्य आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने का आदेश दिया गया है। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले फेस-2 के थानाध्यक्ष सुजीत उपाध्याय को निलंबित कर दिया गया है। वहीं रविवार को सोसाइटी में सुरक्षा में तैनात एक सब इंस्पेक्टर और चार सिपाही को तैनात किया गया था। इन पांचों पुलिसकर्मी को भी निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों के तैनात होने के बाद भी रविवार को सोसाइटी में हंगामा हुआ । सोसाइटी में आने जाने वाले सभी लोगों की चेकिंग की जा रही है।
श्रीकांत के घर में तहखाना होने की चर्चा
पुलिस व प्राधिकरण की टीम जब श्रीकांत त्यागी के फ्लैट में पहुंची तो उसके घर में एक तहखाना होने की बात सामने आई। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। चर्चा के मुताबिक फ्लैट में श्रीकांत ने एक तहखाना बना रखा है। हालांकि इस बारे में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें