-निवास प्रोमोटर्स ने खरीदारों के साथ समझौता करने के बाद यूपी रेरा को दी जानकारी
-यूपी रेरा बिल्डर की अपील पर प्रशासन को भेजेगा आरसी वापस लौटाने का पत्र
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण से रिकवरी सर्टिफिकेट जारी होने के बाद निवास प्रोमोटर्स बिल्डर सात खरीदारों का पैसा देने को तैयार हो गया है। बिल्डर नौ माह में खरीदारों का 1.08 करोड़ रुपये लौटाएगा। हर माह 12.12 लाख रुपये देगा। जो सभी खरीदारों में बांटी जाएगी। यूपी रेरा के अफसरों ने बताया, बिल्डर ने आरसी वापस लेने का अनुरोध किया है। जिस पर संबंधित जिला प्रशासन को पत्र भेजा जाएगा।
यूपी रेरा के अफसरों ने बताया, निवास प्रोमोटर्स का ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-10 में आवासीय प्रोजेक्ट है। जो कई वर्ष बाद भी पूरा नहीं हुआ है। साथ ही निर्माण कार्य भी बंद है। परेशान खरीदारों ने यूपी रेरा में शिकायत की। सुनवाई करने के बाद पीठ ने बिल्डर के खिलाफ आदेश जारी किया। आदेश का पालन नहीं करने पर बिल्डर के खिलाफ आरसी जारी की जा रही है। संबंधित जिले की राजस्व टीम वसूली की कार्रवाई कर रही है, लेकिन निवास प्रोमोटर्स ने सात खरीदारों की आरसी पर आपसी सहमति से समाधान किया है। अफसरों ने बताया कि बिल्डर 1.08 करोड़ रुपये नौ माह जुलाई, 2023 से मार्च, 2024 के बीच धनराशि वापस करेगा। इसके लिए बिल्डर ने हर माह के चेक दिए हैं। अफसरों ने बताया कि रिनाउंड बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड ने तृतीय पक्ष के रूप में मध्यस्थता कर विवाद का समाधान कराया है। यूपी रेरा जल्द प्रशासन से आरसी वापस मंगवाएगा।