- नोएडा में वेव मेगा सिटी सेंटर बिल्डर पर कार्रवाई करने पहुंची थी तहसील दादरी की टीम
- जियोटेक प्रमोटर्स के मालिक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, छह करोड़ है बकाया
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिला प्रशासन की तहसील दादरी की टीम की कार्रवाई के डर से वेव मेगा सिटी सेंटर प्राइवेट लिमिटेड बिल्डर ने 11.10 करोड़ रुपये जमा कराया है। साथ ही 15 दिन में पांच करोड़ रुपये जमा कराने का वादा किया है। बिल्डर पर उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) के रिकवरी सर्टिफिकेट के करोड़ों बकाया है। वहीं एक अन्य मामले में तहसील की टीम ने ग्रेनो वेस्ट के जियोटेक प्रमोटर्स के मालिक रोशन प्रकाश के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। जियोटेक बिल्डर पर छह करोड़ रुपये बकाया हैं।
एसडीएम दादरी आलोक गुप्ता ने बताया कि वेगा मेगा सिटी सेंटर प्राइवेट लिमिटेड बिल्डर पर यूपी रेरा की आरसी का करोड़ों रुपये बकाया है। बिल्डर को बार-बार नोटिस जारी किए जा रहे है, लेकिन पैसा जमा नहीं कराया। काफी आरसी का मामला हाईकोर्ट में भी लंबित है। शुक्रवार को तहसील की टीम बिल्डर से वसूली करने नोएडा सेक्टर तीन स्थित कार्यालय पर पहुंची थी। कार्यालय सील करने की कार्रवाई से पहले ही बिल्डर ने हाईकोर्ट में लंबित मामलों और आदेशों की धनराशि जमा कराने की बात कहीं। बिल्डर ने 11.10 करोड़ रुपये जमा करा दिया है। बाकी धनराशि में से हर 15 दिन में पांच करोड़ जमा कराने का वादा किया है। अगर बिल्डर पैसा नहीं देगा तो फिर से कार्रवाई होगी।
वहीं ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर एक में जियोटेक प्रमोटर्स का प्रोजेक्ट है। बिल्डर पर आरसी का छह करोड़ रुपये बकाया हैं। छह माह पहले बिल्डर का कार्यालय भी सील किया गया था। अब कंपनी के मालिक रोशन प्रकाश के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। साथ ही बिल्डर की संपत्ति को भी कुर्क किया जाएगा।
टीम को नहीं मिला बिल्डर
तहसील दादरी की टीम ने गायत्री हॉस्पिटैलिटी बिल्डर के खिलाफ गिरफ्तार वारंट जारी किया था। बिल्डर की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। शुक्रवार को दो टीमों ने बिल्डर के कार्यालयों और घर पर तलाश की, लेकिन बिल्डर नहीं मिला। बिल्डर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।